शनिवार, 30 मार्च 2019

आधा परिवर्तन आधा विकास

आधा परिवर्तन आधा विकास
÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷÷
मंत्री से लेकर संतरी तक, घर से लेकर बाहर तक , गरीब से लेकर अमीर तक सभी एक सुर में "बेटी बचाओ बेटी पढाओ" का गाना गा रहे हैं, ये तो बहुत अच्छी बात है कि सारा देश मिलकर एक साथ उस बेटी के बारे में सोच रहा है जिसे कभी गर्भ में, कभी जन्म के बाद और कभी शादी के बाद मार दिया जाता था| इस मुहीम का असर भी हमें देखने को मिला है अब बेटियों की वो हालत नहीं जो आज से कुछ सालों पहले तक हुआ करती थी| क्योंकि उनकी स्थिति में सुधार लाने के लिए सरकार ने भी युद्ध स्तर पर अपने प्रयास किये हैं| लेकिन समस्या आज भी विकराल है
        आज की बेटी को दोहरा कार्यभार संभालना पड़ रहा है वो जी जान लगाकर पढ़ती है और एक अच्छे मुकाम पर भी पहुँचती है फिर जरूरत पड़ती है विवाह की | विवाह हमारे जीवन का अभिन्न अंग है जिससे सृष्टि को गति प्राप्त होती है, हर माँ बाप चाहते हैं कि उनकी बेटी का विवाह हो उसका घर बसे| फिर शुरू होता है वही सब जो कभी नहीं बदला| देखना दिखाना, अपनी योग्यताएं गिनवाना ओर सबसे बड़ी बात, खाना पकाना जानती हो ? बेटी को तो फुर्सत ही नहीं मिली थी ये सब सोचने की, उसने तो सिर्फ अपने करियर पर ध्यान दिया था अब तक | उधर एक लड़का मुंह बाए खड़ा है कि उसकी जिन्दगी में शादी के बाद एक लड़की आएगी जो उसे सुबह बड़े प्यार से बेड टी देगी, उसका तौलिया बाथरूम में टंगाएगी, उसके मौजे निकाल कर देगी, उसे अच्छा अच्छा पका कर खिलाएगी| पुरानी कहावत है पति को खुश करने का रास्ता उसके पेट से होकर जाता है| लड़की कि तो जिन्दगी बदल दी "बेटी बचाओ बेटी पढाओ" के नारे ने, लेकिन लड़के का क्या ? वो तो वही अपने पापा के पदचिन्हों पर खड़ा है उम्मीदों का टोकरा लेकर|
        क्योंकि माँ ने जब बेटी के लिए इतना किया तो उसने पलभर के लिए भी ये नहीं सोचा कि बेटों को भी बदलने कि जरूरत है उनकी सोच, उनकी आशाएं, उनके काम | न अब माँ के जैसी बीवी मिलेगी और न अब पापा के जैसे ऐशो आराम | माँ ये कभी नहीं देख सकती कि उसका बेटा जूठे बर्तन साफ़ करे, रसोई में कलछी घुमाये| करियर और गृहस्थी के बीच बेटियां और पिसने लगती हैं जिससे आपसी रिश्तों में मनमुटाव पैदा होने लगता है और सम्बन्ध विच्छेद के कगार तक पहुँच जाते हैं इसलिए बेटों कि मानसिकता में परिवर्तन किये बगैर सिर्फ बेटियों को पढ़ा लेना ही काफी नहीं है| दोनों अगर समान रूप से बाहर काम करने जाते हैं तो घर में भी दोनों को अपनी अपनी जिम्मेदारियां समझनी ही होंगी| घर किसी एक का नहीं होता और न ही किसी एक के समर्पण से चलता है|
          सुखी जीवन का मूलमंत्र यही है कि दोनों एक दुसरे कि भावनाओं का और कार्यों का सम्मान करें| तभी देश का विकास और सकारात्मक परिवर्तन का मन्त्र सफल हो सकेगा|
सरिता पन्थी

बुधवार, 27 मार्च 2019

चालीस पार के भटकते कदम

चालीस पार के भटकते कदम

यूँ तो ये वो उम्र है जब व्यक्ति स्थायित्व प्राप्ति के निकट पहुँच चुका होता है . शादी हो चुकी होती है और बच्चे स्कूल की दौड़ में शामिल ..लेकिन पति पत्नी के आपसी रिश्तों की बात करें तो ये वो उम्र होती है जब पत्नी घर और बच्चों में व्यस्त होने के कारण पति के प्रति न चाहते हुए भी उदासीन हो चुकी होती है . नौकरीपेशा अगर न भी हो तो भी घर में सास ससुर, बच्चे और घर का इतना काम होता है कि उसे अपने बारे में सोचने का समय नही मिल पता ऐसे में पति के दिलों दिमाग में क्या चल रहा है या उसकी शारीरिक, मानसिक आवश्यकताएं क्या है इस बारे में सोचने के लिए उसके पास समय ही नहीं होता . लेकिन शरीर तो शरीर है और उसकी आवश्यकताएं भी यथावत ही रहेंगी . 
हमारे समाज में हमें अनेकों ऐसे उदाहरण मिल जायेंगे जो इस बात की पुष्टि करते हैं कि अतृप्त और असंतुष्ट तन मन लेकर पुरुष भटकने लगता है. समाज का एक बड़ा पुरुषवर्ग ऐसा है जो इस भटकाव में शामिल है . ये किसी भी भीड़ भरी जगह पर अपने मचलते हाथों को रोक नहीं पाते हैं  किसी सुन्दर स्त्री को देखते हैं तो ऐसे देखते हैं जैसे आँखों से ही राल टपक रही हो और ये ही पुरुष अपने घर परिवार में, आस पड़ोस में, शादी ब्याह में या फिर ऑफिस में अपनी अतृप्त यौन कुंठा को साधते नज़र आते हैं . डर हमें  आजकल की युवा पीढ़ी से नहीं है आजकल की युवा पीढ़ी हमारी पीढ़ी से कहीं ज्यादा समझदार और जिम्मेदार है डर हमें उस अधेड पुरुष वर्ग से है जो घर पर सब कुछ होते हुए भी बाहर भटकने पर मजबूर है क्यूंकि उसे नही सिखाया गया बचपन से जिम्मेदारियों को बांटना, पत्नी का हाथ बंटाना जिसके चलते पत्नी पर काम का एकतरफा बोझ उसे पति के बारे में सोचने का मौका नहीं देता और पति के पास भटकाव के अलावा दूसरा कोई विकल्प नहीं रह जाता . आँखे तब खुलती हैं जब दुर्घटना घट चुकी होती है
हमें इस समस्या को गंभीर रूप से लेते हुए इस के दुष्परिणाम से बचने के भरसक प्रयास करना होगा और पुरुषों की इस मनः स्थिति में सुधार लाकर समाज को स्वच्छ बनाना होगा . घर एक ऐसी जगह है जहाँ अगर सभी सदस्य एक साथ बैठकर दिलो दिमाग खोलकर एक आपस में विचार विमर्श करें तो हर समस्या का समाधान निकल सकता है .

  
सरिता पन्थी